मुख्यमंत्री ने परिजनों को बंधाया धीरज, कल पहुंचता तो बचाव प्रभावित होता
भोपाल। सीधी जिले के शारदा पाटन गांव में मंगलवार सुबह हुए बड़े हादसे में शव निकलने का सिलसिला आज भी जारी रहा। आज सुबह नहर ने चार शव और उगले। खबर लिखे जाने तक मृतकों की संख्या अब 51 हो गई है। जबकि तीन लोगों के लापता होने की सूचना है। मंगलवार की रात तक 47 शव नहर से बाहर निकाले लिए गए थे। इधर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी आज दोपहर में पीड़ितों से मिलने के पहुंचे। उन्होंने घटना स्थल का भी निरीक्षण किया।
आज सुबह फिर से सर्चिंग शुरू हुई। डैम से पानी रोके जाने के कारण नहर में अब एक से दो फीट तक पानी बचा हुआ है। मंगलवार रात तक करीब पांच से सात किलो मीटर नहर के अंदर सर्चिंग चली थी। आज सुबह सर्चिंग का दायरा बढ़ाते हुए करीब 25 किलो मीटर तक सर्चिंग की गई। नहर के गोविंदगढ़ तरफ के हिस्से में आज सर्चिंग चल रही है। सर्चिंग के लिए चार वोट भी नहर में हैं। वहीं अब पानी में भी गोताखोर और एनडीआरएफ, एसडीआरफ, होमगार्ड, पुलिस के जवान भी अब नहर में उतर गए हैं। इधर, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज भोपाल में होने वाले दोपहर के अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम निरस्त कर दिए हैं। इन कार्यक्रमों को निरस्त कर वे घटना स्थल पर पहुंचे। यहां पर वे मृतकों के परिजनों से मिले, उन्हें सांत्वना देते हुए भरोसा दिलाया कि सरकार उनके साथ हैं। उन्होंने घटना स्थल का भी निरीक्षण किया और ऐसी भविष्य में स्थिति न बने इसे लेकर भी अफसरों को निर्देश दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री रामपुर नैकिन, चुरहट, पचोखर, पड़रिया, कुकरझर और सीधी भी जाएंगे।
25 किमी दूर मिले दो शव और सीट
बताया जाता है कि घटनास्थल से लगभग 25 किलो मीटर दूर तक कुछ शव बह कर आ गए। रीवा जिले में दो शव नहर में मिले जो घटना स्थल से 25 किलो मीटर दूर बताया जाता है। इसके कुछ आगे बस की एक सीट भी बह कर पहुंच गई थी। इसके बाद यहां पर सर्चिंग शुरू कर दी गई है।
बस चली थी तब 32 सवारी थी
आईजी ने बताया कि बस जब सीधी से चली थी तब उसमें सिर्फ 32 सवारी बैठी थी, लेकिन घटना स्थल पहुंचने तक कई जगह पर बस चालक ने सवारियां बैठाई। पुलिस को भी अब अंदाजा है कि बस में लगभग 60 यात्री सवार हो सकते हैं।

पाठको की राय